LIC and EPF Unclaimed Money: LIC और EPF में पड़े हैं 16,649 करोड़ रुपये, कहीं आपका पैसा भी तो नहीं? जानें कैसे करें चेक
नई दिल्ली: अगर आपने कभी नौकरी बदली है, पुराना ईपीएफ (EPF) अकाउंट छोड़ दिया है या अपनी किसी पुरानी एलआईसी (LIC) पॉलिसी का ट्रैक खो दिया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार ने संसद में बताया है कि LIC और इनऑपरेटिव (Inoperative) EPF खातों में कुल 16,649.06 करोड़ रुपये अब भी बिना क्लेम के पड़े हैं, जिनके असल हकदारों की तलाश की जा रही है।
संसद में सरकार ने दी अहम जानकारी
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में बताया कि 31 मार्च 2026 तक LIC के पास पॉलिसीधारकों की 7,318.50 करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड (Unclaimed) राशि दर्ज थी। वहीं, इनऑपरेटिव EPF खातों में 9,330.56 करोड़ रुपये जमा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि EPF खातों को “अनक्लेम्ड” नहीं बल्कि “इनऑपरेटिव” श्रेणी में रखा गया है।
LIC में फंसा अपना पैसा ऐसे करें चेक
यदि आपको लगता है कि आपकी किसी पुरानी LIC पॉलिसी का पैसा बाकी है, तो आप LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नाम, जन्मतिथि या पैन (PAN) कार्ड की मदद से अपनी अनक्लेम्ड राशि की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, LIC अपने पॉलिसीधारकों से SMS, पत्र, एजेंट, शाखा कार्यालय और ‘बीमा सखी’ के माध्यम से भी संपर्क कर रही है, ताकि पात्र लोग अपना पैसा समय रहते क्लेम कर सकें।
EPF खाताधारकों के लिए बड़ी राहत, सीधे खाते में आ रही रकम
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने खाताधारकों की सुविधा के लिए आधार-लिंक्ड इनएक्टिव खातों के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके तहत 1,000 रुपये या उससे कम की अनक्लेम्ड राशि बिना कोई नया क्लेम किए सीधे सदस्य के बैंक खाते में भेजी जा रही है। सफल परीक्षण के बाद, भविष्य में इस सुविधा को अधिक राशि वाले खातों तक भी बढ़ाया जा सकता है।
10 साल तक क्लेम नहीं किया तो क्या होगा?
सरकार के नियमों के अनुसार, 10 साल से अधिक समय तक बिना क्लेम पड़ी LIC की राशि को बीमा नियामक IRDAI के दिशा-निर्देशों के तहत ‘सीनियर सिटिजन वेलफेयर फंड’ (SCWF) में ट्रांसफर कर दिया जाता है। हालांकि, इनऑपरेटिव EPF खातों में जमा राशि को लेकर सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस फंड को किसी अन्य उद्देश्य के लिए उपयोग करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।