ब्रेकिंग
Political Reset: तमिलनाडु में सत्ता का सस्पेंस खत्म! एक्टर विजय कल बनेंगे नए मुख्यमंत्री, जानें शपथ ... Shashi Tharoor News: शशि थरूर के पर्सनैलिटी राइट्स पर दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला; डीपफेक वीडियो ... West Bengal News: शुभेंदु अधिकारी होंगे बंगाल के नए मुख्यमंत्री; अग्निमित्रा पॉल और निसिथ प्रमाणिक ब... Saharsa Mid Day Meal News: सहरसा में मिड डे मील बना 'जहर'! लगातार दूसरे दिन 80 बच्चे बीमार, बिहार शि... Mumbai Watermelon Case: तरबूज खाकर खत्म हो गया पूरा परिवार! आयशा ने 10वीं में हासिल किए 70% अंक, पर ... NCR Crime News: 30 मुकदमों वाला कुख्यात गैंगस्टर सूरज चिढ़ा गिरफ्तार; दिल्ली-NCR में फैला रखा था जरा... Bulandshahr Accident: बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा; बेकाबू ट्रक ने परिवार को कुचला, पति-पत्नी और 3 म... DMK vs Congress: इंडिया गठबंधन में बड़ी दरार? कनिमोझी ने स्पीकर को लिखा पत्र- 'संसद में कांग्रेस से ... Suvendu Adhikari Agenda: भाषण कम, काम ज्यादा और घोटालों पर कड़ा एक्शन; शुभेंदु अधिकारी ने बताया अपना... Allahabad High Court: सपा सांसद रामजीलाल सुमन को बड़ा झटका; सुरक्षा की मांग वाली याचिका हाईकोर्ट ने ...

अबूझमाड़ में ‘आजादी’ की पहली रोशनी! दशकों के अंधेरे के बाद ईरपानार गाँव में पहुँची बिजली; खुशी से झूम उठे वनवासी

नारायणपुर: घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों और दुर्गम रास्तों से घिरे ईरपानार गांव में रविवार को पहली बार बिजली पहुंची. जैसे ही घरों में बल्ब जले, पूरा गांव खुशी और उत्साह से झूम उठा. यह सिर्फ रोशनी का आगमन नहीं, बल्कि विकास की एक नई सुबह की शुरुआत है.

ईरपानार, नारायणपुर जिला मुख्यालय से महज 30 किलोमीटर दूर स्थित है, लेकिन यहां तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं. कच्चे रास्ते, खड़ी पहाड़ी चढ़ाई, घने जंगल और कई किलोमीटर पैदल सफर, यही इस गांव की पहचान रही है. बरसात के मौसम में तो यह इलाका पूरी तरह कट जाता है, जिससे यहां के ग्रामीण वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे.

इस कठिन परिस्थिति के बावजूद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, नारायणपुर संभाग ने इस चुनौती को स्वीकार किया और मिशन मोड में कार्य करते हुए गांव तक बिजली पहुंचाने में सफलता हासिल की. विभाग के कार्यपालन अभियंता और उनकी टीम ने सीमित संसाधनों में, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच काम करते हुए इस परियोजना को पूरा किया.

कलेक्टर नम्रता जैन के अनुसार, यह कार्य सामान्य विद्युतीकरण परियोजना नहीं था. कई स्थानों पर बिजली के खंभे, तार और अन्य सामग्री पहुंचाने के लिए मशीनों का उपयोग संभव नहीं था. ऐसे में विभागीय टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पहाड़ी और जंगलों के रास्तों से सामग्री को कंधों पर ढोकर पहुंचाया. यह एक ऐसा अभियान था जिसमें तकनीक के साथ-साथ मानवीय मेहनत और जज्बे की मिसाल देखने को मिली. इस परियोजना पर कुल ₹56.11 लाख की लागत आई है. इसके तहत गांव के सभी परिवारों को पहली बार बिजली कनेक्शन प्रदान किया गया.

बिजली आने से गांव के जीवन में व्यापक बदलाव की उम्मीद है. अब बच्चे रात में पढ़ाई कर सकेंगे, मोबाइल फोन चार्ज कर सकेंगे और आधुनिक जीवन की छोटी-छोटी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे. पंखे, लाइट और अन्य घरेलू उपकरणों के उपयोग से जीवन स्तर में सुधार आएगा. इसके साथ ही भविष्य में डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, संचार व्यवस्था और छोटे व्यवसायों के अवसर भी विकसित होने की संभावना है.

गांव में जब पहली बार बल्ब जले, तो वह पल ऐतिहासिक बन गया. बच्चों की आंखों में चमक और बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष साफ झलक रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार स्थायी रोशनी देखी है. अब तक वे लालटेन, लकड़ी और सीमित साधनों पर निर्भर थे.

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और बिजली विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने गांव के इतिहास का सबसे बड़ा दिन बताया. यह केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि उनके सपनों और संभावनाओं का नया अध्याय है.