NCR Crime News: 30 मुकदमों वाला कुख्यात गैंगस्टर सूरज चिढ़ा गिरफ्तार; दिल्ली-NCR में फैला रखा था जरायम का नेटवर्क
Noida News: नोएडा की फेस-1 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 17 बाइक और स्कूटी, 8 छीने हुए मोबाइल फोन और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं. पकड़े गए बदमाशों में गैंग का मास्टरमाइंड सूरज उर्फ चिढ़ा भी शामिल है, जिसके खिलाफ चोरी लूट और गैंगस्टर समेत 30 से ज्यादा मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे और लंबे समय से NCR में सक्रिय थे.
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग का सरगना सूरज दिन के समय नोएडा, ग्रेटर नोएडा और NCR के अलग-अलग इलाकों में घूमकर रेकी करता था. वह खास तौर पर फैक्ट्रियों, बाजारों, मॉल और रिहायशी इलाकों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था. दिन में वह देखता था कि कौन सी जगह सुनसान रहती है, कहां CCTV कम हैं और कौन से वाहन लंबे समय तक एक जगह खड़े रहते हैं. इसके बाद रात होती ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर बाइक और स्कूटी चोरी कर लेता था.
जिन बाइकों को चुराते थे, उन्हीं से करते थे मोबाइल लूट
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी केवल वाहन चोरी तक सीमित नहीं थे. चोरी की गई बाइकों का इस्तेमाल मोबाइल लूट और स्नेचिंग की घटनाओं में भी किया जाता था. गैंग के सदस्य तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर सुनसान सड़कों और बाजारों में लोगों को निशाना बनाते थे. राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर आरोपी कुछ ही सेकंड में फरार हो जाते थे. पकड़े गए बदमाशों के पास से आठ लूट और चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की बाइक और स्कूटी को बेहद कम कीमत में बेच देते थे. कई वाहन दूसरे राज्य में भी सप्लाई किए जाते थे. चोरी से मिले पैसों से आरोपी मौज-मस्ती करते थे. पुलिस का कहना है कि इस गैंग का नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है. इनके अन्य साथियों की भी तलाश जारी है.
30 मुकदमों वाला गैंगस्टर निकला मास्टरमाइंड
गिरफ्तार आरोपी सूरज उर्फ चिढ़ा पहले भी कई बार जेल जा चुका है. इसके खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और आसपास के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, स्नेचिंग और गैंगस्टर एक्ट के करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, सूरज अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है और इसने अपने आसपास युवकों का एक गैंग तैयार कर रखा था. यही गैंग मिलकर लगातार वाहन चोरी और मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था.
नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है. आशंका है कि इस गिरोह का संबंध NCR के अन्य वाहन चोर गिरोह से भी हो सकता है. पुलिस बरामद वाहनों की पहचान करने और उनके असली मालिकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.