भोपाल: मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में हुई खरीदी में सामने आई करोड़ों की गड़बड़ियों के वायरल हुए वीडियो के बाद अब नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी का बयान सामने आया है। प्रतिमा बागरी ने कहा है कि विभाग हर खरीद और निर्माण पर नजर रखता है। इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कराएंगे और जांच के बाद जो भी दोषी होगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
🚨 ‘जांच कराएंगे, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे’
मध्य प्रदेश सरकार की नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी का बयान सामने आया है। यह बयान खरीदी में हुई गड़बड़ियों को लेकर नगरीय प्रशासन विभाग के अपर प्रमुख सचिव संजय दुबे का एक वीडियो वायरल हो जाने के बाद आया है। वीडियो में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा, “विभाग के अंतर्गत खरीदी या निर्माण संबंधी हर कार्य की निगरानी होती है, जिसमें विभागीय स्तर पर जांच होती है। इस संबंध में वायरल वीडियो के आधार पर हम उच्च स्तरीय जांच कराएंगे। जांच के उपरांत दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
💻 GeM पोर्टल पर होने वाली खरीद की कीमत की भी जांच
नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा, “इस तरह के मामलों में कार्रवाई की जाएगी। GeM पोर्टल पर होने वाली खरीद में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उसकी जांच कराई जाएगी।” इसके साथ ही समय-समय पर पोर्टल को अपग्रेड भी किया जाता है ताकि अनियमितताओं के कारणों और उनके तरीकों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी उत्पाद की कीमत में अत्यधिक अंतर पाया जाता है, तो उसकी भी जांच कराई जाएगी।
📹 वीडियो से हुआ करोड़ों की चपत का खुलासा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है। ये नगरीय प्रशासन विभाग के एक प्रजेंटेशन का वीडियो है। वीडियो कुछ दिनों पहले का बताया जाता है। जिसमें प्रजेंटेशन के दौरान ये बताया गया कि किसी नगर निगम में 60 वाट की एलईडी लाइट 306 रुपए में खरीदी गई तो कहीं इसी लाइट को 11 हजार 800 रुपए में खरीदा गया। इसके अलावा फिनालिक डिसइन्फेक्टेंट की कीमत में भी 5 रुपये से लेकर 33,500 तक का अंतर सामने आया है।