धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर से लगे ग्राम मुजगहन में बीती रात दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में पूर्व सरपंच चंद्रशेखर साहू के बेटे दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी विक्की साहू गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन में बीती रात दोनों युवकों पर अचानक धारदार हथियार से हमला किया गया। खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दीपांशु साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं, विक्की साहू का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
🔍 पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर पुलिस की जांच
वारदात के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक और घायल युवक करीब दो साल पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुके थे। बाद में दोषमुक्त होने के बाद दोनों बाहर आए थे। पुलिस इस पुराने मामले से घटना के संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
🚨 4 संदेही हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में 3 से 4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के बाद ही हमले की असल वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल अर्जुनी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि आखिर दो युवकों पर जानलेवा हमला क्यों किया गया और इस वारदात में कौन-कौन शामिल था।