लातेहार में हाहाकार! पेट्रोल पंपों पर लटका ताला, कहीं खत्म हुआ स्टॉक तो कहीं मिल रहा सीमित तेल; बढ़ी मुसीबत
लातेहारः जिला मुख्यालय में पहली बार पेट्रोल संकट से लोग जूझने लगे हैं. जिला मुख्यालय में कई पेट्रोल पंप में ताले लटकने लगे हैं तो कहीं नो स्टॉक का बोर्ड लगा दिया गया है. कुछ पेट्रोल पंप पर पेट्रोल दिया भी जा रहा है तो उसकी सीमा निर्धारित कर दी गई है. शादी विवाह के समय पेट्रोल की इस किल्लत से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
100 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा
दरअसल लातेहार जिला मुख्यालय में मोटरसाइकिल सवार लोगों को पेट्रोल के लिए भटकते देखा गया. कुछ पेट्रोल पंप बंद पड़े थे जिसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी. हालांकि एक दो पेट्रोल पंप पर पेट्रोल मिल रहा था, परंतु यहां भी मोटरसाइकिल को अधिकतम 100 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा था.
शादी विवाह के चलते हो रही परेशानी
पेट्रोल की किल्लत से लोग परेशान हो गए हैं. इधर लातेहार बाईपास रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचे स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रसाद ने बताया कि पेट्रोल पंप पर ताला लटक रहा है. उन्होंने कहा कि अभी शादी विवाह का समय चल रहा है, ऐसे समय में लोगों को पेट्रोल, डीजल की काफी आवश्यकता होती है. परंतु ऐसे समय में पेट्रोल डीजल की कमी होने से सभी लोग परेशान हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए सरकार को तत्काल पहल करने की जरूरत है.
पेट्रोल पंप वाले कुछ बोलते नहीं
इधर पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मी सिर्फ यह बता रहे हैं कि उन्हें अधिकतम 100 रुपये का पेट्रोल देने का ही निर्देश दिया गया है. इससे अधिक पेट्रोल वे लोग नहीं दे सकते हैं. इसके अलावा पेट्रोल पंप के कर्मी और कुछ भी बताने में असमर्थता जता रहे हैं. वहीं एक पेट्रोल पंप के मैनेजर ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि उनके पेट्रोल पंप पर दो दिनों से पेट्रोल खत्म है. पेट्रोल की आपूर्ति कब होगी इसकी भी जानकारी उन्हें नहीं है.
सिर्फ एलपीजी की मॉनिटरिंग का है अधिकार
इधर इस संबंध में जब लातेहार जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल आपूर्ति और वितरण की मॉनिटरिंग तेल कंपनियां करती हैं. जिला प्रशासन सिर्फ एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण की मॉनिटरिंग ही करती है.