CBSE 12वीं में झारखंड के छात्रों का जलवा! 85.01% पास प्रतिशत के साथ रांची रीजन ने भी किया कमाल, देखें डिटेल्स
रांची: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है. परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही झारखंड सहित पूरे देश के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया. इस वर्ष झारखंड, जो सीबीएसई के रांची रीजन के अंतर्गत आता है, का कुल पास प्रतिशत 85.01 प्रतिशत दर्ज किया गया है. वहीं राष्ट्रीय स्तर पर सीबीएसई का कुल पास प्रतिशत 85.20 प्रतिशत रहा. देशभर के 22 रीजन में रांची रीजन को 13वां स्थान प्राप्त हुआ है.
सीबीएसई कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थी. परीक्षा में विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों के विद्यार्थियों ने भाग लिया. झारखंड से इस वर्ष लगभग 49 हजार से 50 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी. राज्य में सीबीएसई से संबद्ध लगभग 480 से 500 प्लस टू स्कूलों के छात्र परीक्षा में शामिल हुए.
रांची में 25 हजार विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
रांची जिले की बात करें तो यहां सीबीएसई से संबद्ध लगभग 70 से 80 प्रमुख प्लस टू स्कूलों के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी. इनमें डीपीएस रांची, जेवीएम श्यामली, डीएवी कपिलदेव, सरला बिरला पब्लिक स्कूल, लॉरेटो कॉन्वेंट सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थान शामिल हैं. रांची शहरी और ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर लगभग 12 हजार से 15 हजार विद्यार्थियों ने इस वर्ष सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में भाग लिया.
स्टूडेंट्स में उत्साह
रिजल्ट जारी होने के बाद स्कूलों और विद्यार्थियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला. कई स्कूलों में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया. विज्ञान और वाणिज्य संकाय में छात्रों ने बेहतर अंक हासिल किए, वहीं कला संकाय के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से अपना परिणाम देखने के लिए सुबह से ही सक्रिय रहे.
सीबीएसई कोऑर्डिनेटर ने बच्चों को दी बधाई
रांची जिले की सीबीएसई कोऑर्डिनेटर जया चौहान ने कहा कि इस वर्ष विद्यार्थियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद बेहतर प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि परीक्षा का पैटर्न विश्लेषणात्मक और कॉन्सेप्ट आधारित था, इसके बावजूद छात्रों ने मेहनत और अनुशासन के बल पर अच्छे अंक प्राप्त किए. उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है. सीबीएसई द्वारा कंपार्टमेंट और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय पर शुरू की जाएगी, जिससे छात्रों को सुधार का अवसर मिलेगा.
विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन प्रक्रिया होगी तेज
रिजल्ट जारी होने के साथ ही अब देशभर के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन प्रक्रिया भी तेज होने की संभावना है. इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और सामान्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्र अब आगे की तैयारी में जुट गए हैं. वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी बेहतर परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की तैयारी शुरू कर दी है.