Donald Trump Attack: सिर्फ 4 सेकंड में सुरक्षा घेरा पार! ट्रंप की डिनर पार्टी में फायरिंग का खौफनाक CCTV वीडियो आया सामने
अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ा एक नया CCTV वीडियो सामने आया है. इसमें दिखता है कि आरोपी कोल एलन सिर्फ चार सेकंड में होटल के दरवाजे से निकलकर सुरक्षा जांच पार कर जाता है. वीडियो में पहले आरोपी एक लंबे काले कोट में होटल के अंदर घूमता हुआ दिखाई देता है. फिर वह एक दरवाजे के अंदर जाता है और कुछ ही सेकंड बाद बिना कोट के बाहर निकलता है.
इसके बाद वह तेजी से भागते हुए मेटल डिटेक्टर पार करता है. उसके हाथ में लंबी बंदूक जैसी चीज दिखती है. इस दौरान बाग रहे आरोपी एलन पर एक एजेंट फायरिंग भी करता है. जांच के मुताबिक, उसने अपने कोट में 12-गेज शॉटगन छिपा रखी थी. हालांकि फुटेज में यह नहीं दिखता कि वह कहां गिरता है और उसे कैसे अरेस्ट किया गया. उसे अरेस्ट करने वाले एजेंट्स ने दावा किया था कि वह गिर गया था.
एलन ने आरोप स्वीकार नहीं किए
आरोपी की पहचान 31 साल के कोल टोमस एलन के रूप में हुई है. उस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश का आरोप है. उसने अभी तक कोर्ट में अपनी गलती स्वीकार नहीं की है. जांच एजेंसियों का कहना है कि एलन ने घटना से एक दिन पहले होटल में रुककर पूरी जगह की रेकी की थी. वह होटल के गलियारों और जिम में घूमता हुआ भी कैमरे में दिखा.
घटना के समय ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कई बड़े अधिकारी वहां मौजूद थे. जैसे ही गोली चलने की आवाज आई, सभी को तुरंत सुरक्षित जगह पर ले जाया गया. वीडियो में यह भी दिखता है कि एक सुरक्षा अधिकारी आरोपी की ओर गोली चलाता है. हालांकि यह साफ नहीं है कि आरोपी ने भी उसी समय गोली चलाई या नहीं. पूरा वीडियो यहां देखें…
सीढ़ियों की तरफ भाग रहा था आरोपी
कुछ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने सीढ़ियों की तरफ शॉटगन से फायर किया था. एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. अभी यह जांच चल रही है कि गोली आरोपी ने चलाई थी या किसी अन्य सुरक्षाकर्मी की थी. अगर वह सीढ़ियों ने नीचे उतरता तो सीधे बॉलरूम तक पहुंच सकता था, जहां हाई-प्रोफाइल इवेंट चल रहा था. हालांकि इससे पहले ही उसे पकड़ा लिया गया.
सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने बहुत नजदीक से फायर किया था. जवाब में अधिकारी ने भी गोली चलाई. इसी दौरान आरोपी का पैर फिसला या टकराया और वह गिर गया. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया. एलन पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जैसे हत्या की कोशिश, हथियार लेकर दूसरे राज्य में जाना और हिंसक अपराध के दौरान फायरिंग करना. इन मामलों में उसे अधिकतम 10 साल तक की सजा हो सकती है.