Marriage Fraud: सरकारी नौकरी का झूठा झांसा देकर शादी करने वालों की खैर नहीं, अब दर्ज होगी FIR; जानें क्या है नया कानून
गौरेला पेंड्रा मरवाही: मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है. जहां पर अंजनी गांव निवासी लड़की की शादी मई 2025 में सिलतरा (जिला रायपुर) निवासी शिवांग दुबे के साथ हुई थी. शादी से पहले लड़के वालों ने युवक की सरकारी नौकरी होने की बात बताई. जिस पर लड़की वालों ने भी शादी के लिए हामी भर दी और धूमधाम से शादी की. लेकिन शादी के बाद लड़की को पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है, जिससे उसकी शादी हुई है उसकी कोई सरकारी नौकरी नहीं है.
इस बात को लेकर विवाद बढ़ने लगा. पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया. मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा. जिसके बाद लड़की ने अपने मायके वालों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिजनों के साथ पीड़िता गौरेला थाना पहुंची और न्याय की गुहार लगाई.
पीड़िता ने जीपीएम पुलिस के पास अपनी शिकायत में बताया कि शादी के समय उसके परिवार वालों से ये कहा गया कि लड़के की सरकारी नौकरी है लेकिन बाद में वो बात झूठ निकली. पीड़ित ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ससुराल पक्ष के लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पहले दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई. उसके बाद पति शिवांग दुबे सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना एवं धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. एएसपी ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत की है कि शादी के समय सरकारी नौकरी होना बताया गया और बाद में पता चला कि उसकी सरकारी नौकरी नहीं है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.