MP Weather Update: मध्य प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी, 25 शहरों में पारा 40 पार; मौसम विभाग का ‘लू’ को लेकर यलो अलर्ट
भोपाल : मध्यप्रदेश में गर्मी ने प्रचंड रूप धारण करना शुरू कर दिया. अप्रैल के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही धूप की तेज तपिश के साथ गर्म हवाओं ने प्रदेश का तापमान बढ़ा दिया है. बीते 24 घंटे में प्रदेश के 25 से ज्यादा शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के 16 जिलों में हीट वेव यानी लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
मालवा-निमाड़ में गर्मी का कहर, रतलाम-इंदौर तपे
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार प्रदेश के मालवा और निमाड़ क्षेत्र इस समय गर्मी की सबसे ज्यादा मार झेल रहे हैं. रतलाम में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है. वहीं, इंदौर में भी पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया. खरगोन, धार और आसपास के इलाकों में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
कई जिलों में 42 डिग्री के आसपास पार
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में छतरपुर जिले का नौगांव और नर्मदापुरम प्रदेश के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहे. नौगांव में 42.4 डिग्री और नर्मदापुरम में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड हुआ. इसी तरह बुंदेलखंड और बघेलखंड क्षेत्र भी तपिश से बेहाल हैं. खजुराहो, रीवा और सतना जैसे शहरों में भी तापमान 41 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ है.
16 जिलों में लू का यलो अलर्ट, दोपहर में खतरा ज्यादा
मौसम विभाग ने गुरुवार को रतलाम, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतुल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
बड़े शहर गर्मी की चपेट में, पचमढ़ी में राहत
गुरुवार को राजधानी भोपाल में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया. ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, गुना और दमोह जैसे शहरों में भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है. हिल स्टेशन पचमढ़ी को छोड़ दें तो प्रदेश का लगभग हर हिस्सा भीषण गर्मी से जूझ रहा है. बुधवार को पचमढ़ी का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम में इसलिए बढ़ रही है इतनी गर्मी
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया, ” वर्तमान में शुष्क हवाओं और तेज सौर विकिरण के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का असर भी मौसम को प्रभावित कर रहा है. हालांकि, 16 अप्रैल की रात से एक नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है, लेकिन फिलहाल गर्मी से राहत के आसार कम हैं.” मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, ऐसे में सावधानी जरूर बरतें.
मालवा निमाड़ में भीषण गर्मी का कहर, आंगनबाड़ी और स्कूल का समय बदला
मालवा निमाड़ में तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है. लिहाजा अब लू का अलर्ट जारी होने के बाद स्कूलों और आंगनबाड़ियों का समय बदलना पड़ा है. मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल से शुरू हुई भीषण गर्मी के चलते इंदौर में बुधवार को तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया. वहीं, खंडवा में 40.1 खरगोन में 40.1 लेकिन रतलाम में पर 42 डिग्री तक पहुंचा. इंदौर में जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए कक्षा नर्सरी से आठवीं तक सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों का समय सुबह 8:00 बजे से 12:00 तक करने के आदेश जारी किए हैं.
इसी प्रकार आंगनबाड़ी सुबह 8:30 से लेकर 11:30 बजे तक ही संचालित होगी. इधर मौसम विज्ञानी डॉ आनंद कुमार हरसाना ने बताया, ” पश्चिमी विश्रोपन के कारण 15 अप्रैल से मौसम में पुनः गर्मी का दौर देखने को मिल रहा है और इस बार तापमान 40 के ऊपर तेजी से जाने की भी संभावना है, जिसका असर मई माह तक देखा जा सकता है.”