Latehar News: लातेहार में रेलवे पटरी के पास मिला युवक-युवती का शव; इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
लातेहार: पुलिस ने रिचुघुटा रेलवे स्टेशन के पास से युवक-युवती का शव बरामद किया है. आशंका जताई जा रही है कि दोनों प्रेमी युगल थे. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों के शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है. सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
रेलवे लाइन के पास पड़े थे दोनों के शव
दरअसल, शुक्रवार को रेलवे स्टेशन से थोड़ी दूर स्थित रेलवे लाइन के पास युवक-युवती का शव पड़ा हुआ देख लोग दंग रह गए. बाद में घटना की जानकारी लातेहार पुलिस को भी दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शव के पंचनामा के बाद दोनों के शव को कब्जे में ले लिया. छानबीन के बाद पता चला कि मृतक युवक शत्रुधन सिंह, बरवाडीह थाना क्षेत्र के ओपाग गांव का रहने वाला है. जबकि युवती सदर थाना क्षेत्र के कुलगड़ा गांव की रहने वाली है.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
हालांकि दोनों की मौत कैसे हुई? इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना की जानकारी दोनों गांव के ग्रामीणों को भी दे दी गई है. वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों के प्रेमी युगल होने की संभावना जताई है.
प्रथमदृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन पुलिस सभी पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है. मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा रही है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. मामले की छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों की मौत कैसे हुई?. फिलहाल पुलिस मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से कर रही है: प्रमोद कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी