“BJP राज में जंगल और जानवर दोनों असुरक्षित”—दीपक बैज का बड़ा हमला; हसदेव की कटाई और हाथियों के उत्पात पर सरकार को घेरा, देखें तीखा बयान
सरगुजा: संगठन सृजन अभियान के तहत देशव्यापी आयोजनों के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस अध्यक्ष पूरे प्रदेश के दौरे पर निकल चुके हैं. संगठन को मजबूत करने के लिए पहली बार पंचायत कमेटी गठित की जा रही है. बूथ कमेटियों का गठन करने प्रदेश अध्यक्ष खुद उस बूथ में जा रहे हैं. इसी कड़ी में बस्तर के बाद दीपक बैज सरगुजा दौरे पर पहुंचे हैं. कमीटियों के गठन के बाद पीसीसी चीफ ने मीडिया से बातचीत की.
बीजेपी के राज में जंगल और जानवर दोनों सुरक्षित नहीं: बैज
दीपक बैज ने कहा कि पीसीसी ने पूरे प्रदेश में गांव चलो अभियान की शुरूआत की है. यह अभियान 30 मार्च तक चलेगा. जिला, ब्लाक अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद देश में पहली बार पंचायत कमेटी बनी और अब बूथ कमेटी भी बना रहे हैं. बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में 27 हजार से अधिक बूथ कमेटी और 15 हजार से अधिक पंचायत और वार्ड कमेटी हम बना रहे हैं. इसकी शुरुआत मैंने बस्तर से की है और आज सरगुजा का दौरा है.
बैज ने कहा कि पार्टी लगातार ग्रास रूट लेवल पर उतरकर काम कर रही है. बैज ने कहा कि हम खुद बूथ और पंचायत में जाकर कमेटी गठित कर रहे हैं. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि संगठन कितना मजबूत हो रहा है.
हिरणों की मौत के लिए सरकार को ठहराया जिम्मेदार
बैज ने कहा कि संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत हुई है इसकी जिम्मेदार पूरी तरह से सरकार की है. हिरणों को जंगल से पकड़कर यहां रखने की क्या जरूरत थी. भागवान भरोसे ऐसे जगहों पर हिरणों को छोड़ दिया गया. बैज ने कहा कि बीजेपी के राज में इंसान और जानवर दोनों सुरक्षित नहीं हैं. पीसीसी चीफ ने कहा कि कुत्तों के हमले में 15 हिरण मारे गए ये इसकी जवाबदारी सरकार को लेनी होगी. जो भी इसमें दोषी हैं उनपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
भाजपा के राज में ना जंगल सुरक्षित है और ना जंगली जानवर सुरक्षित हैं. अगर उनको जंगल में रहने दिया जाता तो क्या मजाल थी कि कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत हो जाती. कार्रवाई खानापूर्ति है, वन मंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए. प्रदेश के सभी चिड़ियाघर की समीक्षा सरकार को करनी चाहिए और जिम्मेदारो पर कार्रवाई होनी चाहिए: दीपक बैज, पीसीसी चीफ
दुर्ग, बलरामपुर और रायगढ़ में कराई जा रही अफीम की खेती: बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि “जिस तरह से अफीम की खेती सरकार के संरक्षण में की जा रही है, प्रदेश में नकली शराब, पड़ोसी राज्य से लाकर के बेची जा रही है. गांजा खुलेआम बिक रहा है. हद तो तब हो गई जब भाजपा के प्रदेश के पदाधिकारी के फार्म हाउस में अफीम की खेती हो रही थी. अपने नेता को बचाने की ये लोग कोशिश कर रहे हैं. बलरामपुर, रायगढ़ में भी अफीम उगाया जा रहा है.”
सरकार कुछ भी बोले, प्रदेश में गैस के लिए हाहाकार मचा हुआ है और सरकार झूठ बोल रही है. प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में गैस की कमी है, अंबिकापुर के सर्किट हाउस में सरकार के एक मंत्री जी आए और अपना गैस सिलेंडर दिए और अपना खाना बनवाकर सिलेंडर लेकर चले गए. आप पता कर लेना कौन मंत्री थे, मैं नाम नहीं लेता: दीपक बैज, पीसीसी चीफ
अतिक्रमण हटाने में भी हो रहा भ्रष्टाचार
बैज ने कहा कि महामाया पहाड़ में बसे गरीब लोगों को हटाने का काम सरकार कर रही है. लोगों को नोटिस दिया गया, लेकिन भाजपा समर्थित लोगों को नोटिस तक नहीं दिया गया. एक तरफ ये सरकार जंगल उजाड़ रही है, दूसरी तरफ अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों का घर उजाड़ रही है.