Wedding Brawl: ‘जूता नहीं चुराने देंगे…’ रस्म के दौरान मंडप में बवाल; दूल्हा-दुल्हन पक्ष के बीच चले जमकर लात-घूंसे
महाराष्ट्र के जालना जिले में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब पारंपरिक दूल्हे का जूता चुराने की रस्म को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आपस में भीड़ गया. विवाद इतना बढ़ गया कि शादी मंडप युद्ध का मौदान बन गया. खुशियों और हंसी-मजाक के माहौल में शुरू हुआ यह खेल देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस तक बुलानी पड़ी.
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह पूरे उत्साह के साथ चल रहा था. इसी दौरान दुल्हन पक्ष की महिलाओं और युवतियों ने परंपरा के अनुसार दूल्हे का जूता चुराने की कोशिश की. शुरुआत में इसे सामान्य मजाक समझा गया, लेकिन दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी.
युद्ध का मैदान बन गया शादी का मंडप
मामला इतना बढ़ गया कि शादी मंडप में मौजूद लोग दो गुटों में बंट गए. कुछ लोग जूते बचाने की कोशिश कर रहे थे तो कुछ उन्हें छीनने में लगे थे. इसी बीच कहासुनी हाथापाई में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे. शादी में आए मेहमानों और रिश्तेदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कई लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन माहौल और बिगड़ता चला गया.
पुलिस के आने पर शांत हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में किया. घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग चर्चा कर रहे हैं कि ‘दुल्हन तो मिल गई, लेकिन जूते किसी को नहीं मिले’.