Surajpur Crime News: सूरजपुर में युवक को बंधक बनाकर बेल्ट से पीटा; युवती से बातचीत करने पर परिजनों ने पार की दरिंदगी की हदें
सूरजपुर: जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को घर बुलाकर कुर्सी पर बैठाया गया और फिर बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस भी मामले में संज्ञान लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है. यह घटना जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली मदनपुर की बताई जा रही है.
युवती से फोन पर बात करने का है मामला
पुलिस के मुताबिक, मार खाने वाला युवक मैनपाट का रहने वाला है. केनापारा में किराए के मकान में रहकर ड्राइवर का काम करता था. बताया जा रहा है कि युवक को किसी माध्यम से एक युवती का मोबाइल नंबर मिला, जिसके बाद वह उससे फोन पर बातचीत करने लगा. जब इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को हुई, तो उन्होंने इसका विरोध किया.
घर बुलाकर की पिटाई
आरोप है कि युवती के भाई ने युवक को फोन कर अपने घर बुलाया. जैसे ही युवक वहां पहुंचा, उसे जबरन कुर्सी पर बैठाया गया और बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई की गई. वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है और उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने संज्ञान लिया है. पीड़ित की पहचान कर उसका मुलाहिज़ा कराया गया है. शिकायत दर्ज कर ली गई है– अभिषेक पैकरा, एसडीओपी, सूरजपुर
पुलिस ने बताया कि FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.