Ravi Kishan at Mahakal: उज्जैन में बाबा महाकाल की भक्ति में डूबे सांसद रवि किशन, भस्म आरती में भाव विह्वल होकर की शिव आराधना
उज्जैन : फिल्म अभिनेता और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए. बुधवार को भस्म आरती के बाद सांसद रवि किशन ने बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की. उन्होंने मंदिर पहुंचने के बाद सबसे पहले नंदी हॉल में विधि विधान से पूजन करके चांदी द्वार से बाबा महाकाल के चौखट पर माथा टेका. पुजारी के माध्यम से बाबा महाकाल को जल भी अर्पित किया. इसके बाद नंदी जी कान में अपनी मनोकामना मांगी.
नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया
रवि किशन ने कुछ देर तक नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया और बाबा की भक्ति में लीन हो गए. वह काफी देर तक भगवान शंकर भोले का जाप करते रहे. रवि किशन 20 मिनट तक महाकाल मंदिर परिसर में रहे. बीजेपी सांसद रवि किशन का कहना है “बाबा महाकाल की शक्तियां समस्त भारत व विश्व की रक्षा करती हैं. मैं भाग्यशाली हूं. मैं सांसद गोरखपुर हूं. वहां गोरखक्षनाथ बाबा है ओर यह तो महाकाल हैं. जब भी इनके दिव्य दर्शन होते हैं व इनके चरणों में आने का मौका मिलता है, जीवन धन्य हो जाता है.”
मेरा भारत दुनिया में सबसे शक्तिशाली बने
बीजेपी सांसद रवि किशन ने बाबा महाकाल से समस्त भारत के कल्याण की प्रार्थना की. उन्होंने कहा “अपने गोरखपुर के देवतुल्य जनता के लिए महाकाल के चरणों मे हाजिरी लगाई है. महाकाल का आशीर्वाद सबको मिलता रहे. मेरा भारत, ये नया भारत शक्तिमान, कृतिमान होता रहे, यही कामना है व सबके स्वास्थ्य की कामना है. बाबा से यही प्रार्थना है कि फिर से जल्दी अपने दर्शन के लिए बुलाएं.”
महाकाल मंदिर में फिल्मी हस्तियों की हाजिरी
श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीवीआईपी लोगों का लगातार आना जारी है. बॉलीवुड की हस्तियां लगातार बाबा महाकाल के दर पर हाजिरी लगाती हैं. अपनी फिल्म रिलीज होने से पहले बॉलीवुड कलाकार उज्जैन आकर बाबा महाकाल से सफलता की प्रार्थना करते हैं. अगर किसी फिल्म की शूटिंग इंदौर के आसपास होती है तो सभी कलाकार यहां अवश्य आते हैं. क्रिकेटर्स भी लगातार बाबा महाकाल के दर पर हाजिरी लगाते हैं.