Bhilai Cyber Fraud: भिलाई में शेयर मार्केट के नाम पर 16.66 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप लिंक से बिछाया था जाल
भिलाई। भिलाई निवासी एक इंजीनियर को सोशल मीडिया के जरिए “वीआईपी एग्जीक्यूटिव सर्विस” में जोड़कर शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच दिया गया और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराकर कुल 16.66 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
मामले में पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराते हुए थाने में एफआईआर की मांग। इस पर वैशालीनगर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
प्रकरण के मुताबिक शांति नगर भिलाई निवासी प्रार्थी राजनारायण पाण्डेय (46 वर्ष) मुंबई स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। प्रार्थी के मुताबिक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लिंक भेजा गया।
इसमें “एबीएसएलएचएनओडबल्यू” नामक कंपनी के जरिए वीआईपी एग्जीक्यूटिव सर्विस से जुड़ने का प्रस्ताव दिया गया था। 2 जनवरी 2026 को वे वाटसएप ग्रुप से जुड़े, जहां ग्रुप एडमिन “दिया मेहरा” ने उन्हें एक एप के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश करने पर अधिक लाभ मिलने का भरोसा दिलाया।