Moradabad News: जीजा से कोर्ट मैरिज करने वाली बहन का कत्ल, मुरादाबाद में ‘सौतन’ बनी सुमन ने ज्योति को उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के तारा वाली मिलक गांव में एक युवती की मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, 22 साल की ज्योति की हत्या की गई थी. उसकी हत्या उसकी सगी बहन सुमन और बहनोई मुकेश ने मिलकर की थी. इस वारदात की जड़ में एक गुपचुप कोर्ट मैरिज थी.
सगी बहन ही थी ज्योति की कातिल
जब इस विवाह की जानकारी मुकेश की पहली पत्नी सुमन को हुई, तो वह बुरी तरह टूट गई. अपनी ही सगी बहन को सौतन के रूप में स्वीकार करना उसके लिए असंभव था. यही गुस्सा धीरे-धीरे एक खतरनाक साजिश में बदल गई. पुलिस जांच में सामने आया कि सुमन और मुकेश ने मिलकर ज्योति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
इस साजिश को अंजाम देने के लिए सुमन ने 25 मार्च को ज्योति और मुकेश को अपने घर बुलाया. पहली नजर में यह सुलह का प्रयास लग रहा था, लेकिन सुमन के मन में बदले की आग सुलग रही थी. उसी रात घर के अंदर तीनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सुमन और मुकेश ने मिलकर ज्योति का गला घोंट दिया.
अपराध को छिपाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी
हत्या के बाद दोनों ने इस अपराध को छिपाने के लिए एक झूठी कहानी गढ़ी. उन्होंने दावा किया कि ज्योति को अचानक दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई. शव को सामान्य दिखाने की कोशिश भी की गई, ताकि किसी को शक न हो. हालांकि, ज्योति के गले पर पड़े निशानों ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि मौत गला घोंटने यानी स्ट्रैंगुलेशन से हुई है. इसके बाद पुलिस ने सुमन और मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के दबाव में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने हत्या से जुड़े सभी आवश्यक सबूत जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.