Dhamtari Opium Row: अफीम की अवैध खेती को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने उठाए गंभीर सवाल; प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
धमतरी: प्रदेश में लगातार अवैध अफीम खेती के मामले सामने आ रहे हैं. धमतरी जिले के नगरी-सिहावा क्षेत्र में अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की. संगठनों का आरोप है कि एक भाजपा नेता के फार्म हाउस में अफीम की खेती की जा रही थी और मामले को दबाने के लिए जेसीबी चलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई.
नगरी में अफीम खेती की जांच की मांग
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष डोमेश्वर साहू ने बताया कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि नगरी क्षेत्र में लगभग 20 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही है. आए दिन अफीम की खेती का खुलासा हो रहा है. धमतरी में अफीम की खेती के बारे में पता चला है कि किसी बड़े भाजपा नेता का फार्म हाउस है. साहू ने कहा कि क्या छत्तीसगढ़ के लोगों को नशे का आदि बनाया जा रहा है. राजस्व अधिकारी कह रहे हैं कि वहां जांच में अफीम की खेती नहीं मिली है.
यदि वहां अफीम की खेती नहीं थी, तो रातों-रात जेसीबी चलाकर फसल नष्ट करने की जरूरत क्यों पड़ी- डोमेश्वर साहू, जिला अध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना
“अफीम खेती पर प्रशासन निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करे”
वहीं जोहार छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रतिनिधि निखलेश देवान साहू ने कहा कि सिहावा-नगरी क्षेत्र में अफीम और गांजा खेती की लगातार शिकायतें मिल रही हैं. उनका दावा है कि पिछले तीन सप्ताह में प्रदेशभर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं और धमतरी का मामला भी उसी कड़ी का हिस्सा है. उन्होंने मांग की कि संबंधित जमीन किसके नाम पर है, क्या वह शासकीय भूमि है, जेसीबी किसके निर्देश पर चलाया गया और वहां काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाए.
हमारी मांग है कि अफीम की खेती किसके नाम से है, खेत में जेसीबी चलाने वाला कौन है. खेतों में काम करने वाले श्रमिकों का बयान लिया जा -निखलेश देवान साहू, प्रदेश प्रतिनिधि, जोहार छत्तीसगढ़
इस मामले में अपर कलेक्टर पीके प्रेमी ने बताया कि नगरी-सिहावा क्षेत्र में अफीम खेती की शिकायत की गई है, जिसकी जांच के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.