पंजाब के बरनाला से रिश्वत के मामले में गिरफ्तार तहसीलदार सुखचरण के मामले में विजिलेंस ने अहम खुलासे किए हैं। तहसीलदार सुखचरण सिंह के बैंक लॉकर खंगाला गया तो विजिलेंस के होश उड़ गए कि आखिर सुखचरण सिंह के पास इतना सोना कहां से आया। यहां बताना उचित है कि तहसीलदार सुखचरण सिंह अपना बैंक लॉकर नहीं खोलने दे रहा था लेकिन विजिलेंस ने कोर्ट से मंजूरी लेकर यह उक्त कार्रवाई की है।
बता दें कि सुखचरण सिंह के लॉकर से 400 ग्राम की सोने की ईंट, ज्वैलरी, चांदी के गिलास और सिक्के बरामद हुए हैं। सोने-चांदी की कीमत करीब 43 लाख है। सोने की ईंट की कीमत ही केवल 32 लाख रुपए हैं। विजिलेंस उक्त रिश्वत के मामले में पकड़े गए सुखचरण सिंह के अन्य खातों की भी जांच कर रही है। विजिलेंस ने उक्त बरामद सामान की जानकारी रेवेन्यू विभाग को दे दी है। गौरतलब है कि सुखचरण की गिरफ्तारी के विरोध में रेवेन्यू अफसर और मुलाजिम हड़ताल पर चले गए थे।
वहीं जानकारी के अनुसार अदालत ने विजिलेंस को आगे की जांच के आदेश जारी किए हैं जिसके चलते अब विजिलेंस ही आगे की जांच करेगी। विजिलेंस जांच की कार्रवाई के बाद भी तहसीलदार यूनियन का कहना है कि सुखचरण सिंह को फंसाया जा रहा है वह भ्रष्टाचार में संलिप्त नहीं है।