MP Weather Update: मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट; पचमढ़ी में सबसे ठंडी रात
Bhopal: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदा के बावजूद राज्य के पश्चिमी हिस्सों में पिछले एक हफ्ते से हल्की से मध्यम बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज इंदौर संभाग के खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीराजपुर और खरगोन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी की भी चेतावनी दी गई है।
गुलाबी ठंड का आगाज, पचमढ़ी में पारा लुढ़का
प्रदेशभर में तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच अब सर्दियों ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। सुबह, शाम और रात के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि अलग-अलग संभागों में तापमान की स्थिति भिन्न है। नर्मदापुरम, ग्वालियर और जबलपुर के दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो पचमढ़ी में ठंड का असर सबसे ज्यादा दिखा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री गिरकर 13.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
देवास के उदय नगर में सबसे ज्यादा वर्षा
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी अंचल में बारिश की गतिविधियां रिकॉर्ड की गईं। धार, बड़वानी, इंदौर और देवास जिलों में छिटपुट बौछारें और गरज-चमक की स्थिति बनी रही। मौसम केंद्र के अनुसार, देवास के उदय नगर में सबसे अधिक 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बागली में 6 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा धार में 4.2 मिमी, इंदौर में 1.1 मिमी, सेंधवा में 1.1 मिमी और पीथमपुर व पाटी में 1-1 मिमी बारिश आंकी गई।
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम एक्टिव
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। अनुमान है कि अगले 24 घंटों में यह सिस्टम और अधिक मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल सकता है। इस मौसमी हलचल के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई संभागों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है।