Bhopal Crime News: ट्रेन पकड़कर दिल्ली भागा आरोपी केयरटेकर, मध्य प्रदेश से लेकर पंजाब तक पुलिस की 12 टीमें तैनात
राजधानी भोपाल के रातीबड़ इलाके के सूरज नगर में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को एक बहुत बड़ी लीड हाथ लगी है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार के भागने के पूरे रूट को सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रेस कर लिया है। आरोपी रात के अंधेरे में ट्रेन पकड़कर फरार हो गया था, जिसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की दर्जनभर टीमें मुस्तैद कर दी गई हैं।
🔍 रात में गला रेतने के बाद गैस सिलेंडर खोलकर आग लगाने की कोशिश, पत्नी को कमरे में किया था बंद
पुलिस जांच के अनुसार, 30 सितंबर की रात करीब 12:30 से 2:00 बजे के बीच आरोपी ने सोते समय धारदार हथियार से रिटायर्ड IAS अधिकारी की गला रेतकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के नियत से उसने रसोई के गैस सिलेंडर का पाइप निकालकर घर में आग लगाने का भी प्रयास किया था। आरोपी ने मृतक की पत्नी निशी अग्रवाल का कमरा बाहर से बंद कर दिया था, जिसका खुलासा सुबह करीब 4:40 बजे दरवाजा खुलने के बाद हुआ। घटनास्थल पर संघर्ष के कई निशान भी बरामद किए गए हैं।
🚂 2 किमी पैदल चलकर ऑटो से भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा आरोपी, दिल्ली लाइन की ट्रेन से हुआ फरार
सामने आए सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपी रात 2:40 बजे पिट्ठू बैग और झोला लेकर घर से निकला। करीब 2 किलोमीटर पैदल चलकर भदभदा चौराहा पहुंचने के बाद उसने ऑटो लिया और पॉलीटेक्निक चौराहा व कमला पार्क होते हुए भोपाल जंक्शन पहुंचा। वहां प्लेटफॉर्म नंबर 6 से 2 पर जाकर वह रात 3:30 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। पुलिस अब झांसी, ग्वालियर और आगरा रूट के स्टेशनों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, उसे नौकरी पर रखने वाली प्लेसमेंट एजेंसी के पुलिस वेरिफिकेशन और पंजाब से जारी चरित्र प्रमाण पत्र की भी गहन जांच की जा रही है।