Chirmiri Ram Katha: चिरमिरी में जगद्गुरु रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा; 17 से 25 मई तक भक्ति के रंग में रंगेगा शहर
एमसीबी: चिरमिरी में 17 मई से 25 मई तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. राम कथा को लेकर मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने राम कथा आयोजन कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की.
मंत्री श्याम बिहारी जासवाल ने बताया कि श्रीराम कथा समिति की बैठक में कोरिया, एमसीबी के प्रमुख लोग शामिल हुए. अंबिकापुर से भी लोग बैठक में पहुंचे. स्वामी भद्राचार्य जी की भव्य श्रीराम कथा को लेकर चर्चा की गई. 17 मई को सुबह 8 बजे से कलशयात्रा निकाली जाएगी. उसी दिन से शाम 4 बजे से भव्य राम कथा चलेगी.
रामकथा से पहले निकाली जाएगी 5100 कलश यात्रा
आयोजन समिति के अध्यक्ष डमरू बेहरा ने कहा कि समिति द्वारा कथा आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं. बैठक में कथा प्रारंभ होने से पूर्व निकाली जाने वाली 51 सौ कलश यात्रा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. आयोजन समिति ने कलश यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने का निर्णय लिया.
20 हजार लोग बैठक रामकथा सुन सके ऐसी व्यवस्था की गई है. 9 दिन तक लगभग 2 लाख लोग रामकथा का आनंद लेंगे. ये धरती पवित्र होगी. 5100 महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी. बड़ा बाजार से सीताकुंड तक कलश यात्रा निकाली जाएगी-डमरू बेहरा अध्यक्ष राम कथा आयोजन कमेटी
श्रद्धालुओं के लिए रहेगी ये व्यवस्थाएं
बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि कथा में शामिल होने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. इसके लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई जैसे सभी आवश्यक बिंदुओं पर गंभीरता से मंथन किया गया. आयोजन समिति ने तय किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को एक बेहतर और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके.
रामकथा के सफल संचालन के लिए बनाई गई कई टीमें
रामकथा और भव्य कलश यात्रा के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं है. साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर भी सहमति बनी.आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग विभागों और कार्यों के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है.