इंदौर। अपने लाजवाब स्वाद और स्ट्रीट फूड संस्कृति के लिए मशहूर इंदौर के खानपान पर अब महंगाई की मार और तेज होने वाली है। कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।
शुक्रवार से लागू नई दरों के बाद अब व्यंजनों की लागत में सीधा इजाफा हुआ है, जिसका असर आने वाले दिनों में ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। अनुमान है कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान और सराफा चौपाटी जैसे फूड हब भी अछूते नहीं रहेंगे।