Road Construction Department: सीएम की अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक, कनेक्टिंग फ्लाईओवर को लेकर दिए ये अहम निर्देश
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के समक्ष झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की. विभाग के अधिकारियों ने सिरमटोली से कांटा टोली को जोड़ने वाली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति से संबंधित प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया.
मुख्यमंत्री ने कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित कार्रवाई जल्द से जल्द पूरा कर निर्माण कार्य को गति प्रदान करें. इस दौरान मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच प्रस्तावित करम टोली से साइंस सिटी, चिरौंदी फ्लाईओवर निर्माण योजना को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई. इस संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि रांची की सड़कों पर जितने डिवाइडर हैं उनमें कुछ अनावश्यक कट्स हैं, उन कट्स को बंद किए जाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि रांचीवासियों को बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. इस मौके पर प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता सीडीओ विजय रंजन एवं उप सचिव प्रबंधन विक्रम प्रताप सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे.
रघुवर शासनकाल में डिवाइडर के कट्स बंद करने पर झामुमो ने की थी आपत्ति
आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजधानी की सड़कों के बीच अनावश्यक डिवाइडर कट्स बंद करने का निर्देश पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को दे रहे हैं. वर्ष 2014 से 2019 के बीच रघुवर दास के शासनकाल में तब हेमंत सोरेन नेता प्रतिपक्ष थे और झामुमो मुख्य विपक्षी पार्टी थी. वर्ष 2017 में राजधानी की सड़कों के कई डिवाइडर कट्स तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के आदेश पर बंद किये गए. उस समय डिवाइडर कट्स को बंद किये जाने को झामुमो ने लोगों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला बताया था.
आज झामुमो के ही केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन राज्य के मुख्यमंत्री हैं और वह अपने अधिकारियों को राजधानी की सड़कों के डिवाइडर कट्स बंद करने के निर्देश दे रहे हैं. जाहिर है कि जब यह आदेश लागू होगा तब जनता फिर एक बार सुगम आवागमन के नाम पर जनता परेशान होगी और राजनीतिक दल समय और परिस्थितियों के हिसाब से राजनीति भी करेंगे.