इलाज के नाम पर दरिंदगी: कथित डॉक्टर ने महिला मरीज से की अश्लील हरकत, पुलिस ने दर्ज किया केस; आरोपी की तलाश तेज
अंबाला: अंबाला के पंजोखरा थाना क्षेत्र के एक गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ साइटिका का इलाज कराने आई एक पीड़ित महिला ने एक स्वयंभू डॉक्टर पर छेड़छाड़ और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपित ‘डॉक्टर मान’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
दवा के बहाने कमरे में ले जाकर की अश्लीलता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से साइटिका (कमर और पैर के दर्द) से परेशान थी। 15 अप्रैल को वह इलाज के लिए आरोपित मान के पास पहुंची थी। आरोप है कि आरोपित ने दवा देने और मालिश करने के बहाने महिला को एक कमरे में बुलाया और वहां उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर मारपीट और गला दबाने की कोशिश
जब महिला ने आरोपित की हरकतों का कड़ा विरोध किया और शोर मचाया, तो कथित डॉक्टर अपनी असलियत पर उतर आया। आरोप है कि उसने महिला के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने का प्रयास किया, जिससे महिला की गर्दन पर उसकी चुन्नी के गहरे निशान पड़ गए। महिला किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर बाहर भागी और अपने परिजनों को आपबीती सुनाई।
डिग्री और पहचान पर उठे सवाल
शिकायत में महिला ने पुलिस से यह भी मांग की है कि उक्त व्यक्ति की डॉक्टरी की डिग्री की गहन जांच की जाए। आशंका जताई जा रही है कि वह बिना किसी वैध डिग्री के क्लीनिक चला रहा था और भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बना रहा था।