Rudri News: रुद्री में कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का खेल, बिना डायवर्जन के भू-माफिया काट रहे कॉलोनी; प्रशासन मौन?
धमतरी: रुद्री क्षेत्र में भूमाफियाओं के हौसले बुलंद है. यहां कृषि भूमि को अवैध रूप से प्लॉटिंग कर बेचा जा रहा है. मामले में खास बात ये है कि कई अधिकारियों के सरकारी बंगले इसी क्षेत्र में स्थित है.
धमतरी में भूमाफिया के हौसले बुलंद
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से कृषि भूमि को बिना डायवर्जन कर छोटे-छोटे प्लॉट में काटा जा रहा है. इन प्लॉट्स की खुलेआम खरीद-बिक्री भी हो रही है, जिससे शासन के नियमों की खुली अवहेलना हो रही है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस और कड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है. मीडिया में मामला उजागर होने के बाद प्रशासन हरकत में जरूर आया.
अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन सख्त
इस पूरे मामले में एसडीएम पीयूष तिवारी ने कहा कि मीडिया के जरिए मामले की जानकारी मिलने के बाद मामले में तत्काल प्रतिवेदन मंगाया गया है. प्रकरण को न्यायालय में दर्ज किया गया है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कृषि भूमि में बिना डायवर्जन के निर्माण कार्य किया जा रहा है, तो उसे तत्काल रुकवाया जाएगा.
प्रकरण दर्ज होने के बाद संबंधित जमीन बी-1 रिकॉर्ड में दर्ज हो जाती है, जिससे आगे की रजिस्ट्री पर रोक लग जाती है. इसके बाद संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया जाएगा और उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी- पीयूष तिवारी, एसडीएम
अवैध प्लॉटिंग पर लगातार कार्रवाई का दावा
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि प्रशासनिक अधिकारियों के रहवासी क्षेत्र में इस तरह की अवैध प्लॉटिंग की जानकारी पहले क्यों नहीं मिली, तो उन्होंने कहा कि लगातार कार्रवाई की जा रही है और इससे पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की गई है.