Surguja Crime News: सरगुजा में महिला से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी गिरफ्तार, चिरमिरी में पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
सरगुजा/एमसीबी : अंबिकापुर के महामाया प्रवेश द्वार के पास हुई महिला की निर्मम हत्या के आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट किया है. पुलिस ने आरोपी को एमसीबी जिले के चिरमिरी से गिरफ्तार किया है. पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में उस समय अहम सफलता मिली, जब एक वायरल फोटो के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा. इस सुराग को गंभीरता से लेते हुए चिरमिरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और जिला अस्पताल एमसीबी के आसपास घेराबंदी कर दी. पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया.
अंबिकापुर पुलिस के हवाले आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत प्रक्रिया पूरी करते हुए अंबिकापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है. अंबिकापुर पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जा रही है.स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से उन्हें काफी राहत मिली है और न्याय मिलने की उम्मीद जगी है.
|
कौन है आरोपी ?
महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई थी. आरोपी महिला के घर भी आता जाता था, दोनों साथ में कबाड़ भी बीना करते थे. आरोपी सूरजपुर जिले के प्रतापपुर का निवासी है और 7 साल से अंबिकापुर में रह कर कबाड़ बीनता था. वारदात के बाद उसकी अंतिम CCTV फुटेज अंबिकापुर के रेलवे स्टेशन के पास मिली थी. जिसके बाद पुलिस ड्रोन से आरोपी को तलाश रही थी. आईजी और एसपी ने आरोपी पर 35 हजार के इनाम की घोषणा की थी.
कब हुई थी हत्या ?
आपको बता दें कि अंबिकापुर के रिंगरोड से लगे मटन शॉप में 3 अप्रैल की रात महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी. महिला के पसली की 12 हड्डियां टूटी हुई थी और फेफड़े और दिल फट गए थे. सिर में गहरे चोट के निशान थे. हत्या के बाद आरोपी की शिनाख्त कर ली गई थी लेकिन वो फरार हो गया था. अब जाकर घटना के आठवें दिन चिरमिरी से आरोपी पकड़ा गया है.