Canada Crime: कनाडा में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, अज्ञात हमलावरों ने किया हमला; जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
कनाडा में एक पंजाबी युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान बीरइंदर सिंह (22 वर्षीय) के रूप में हुई है जोकि मूल रूप से पंजाब का रहने वाला और स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। इस मामले की पुष्टि करते हुए मृतक के रिश्तेदार पुनर सिंह ने बताया कि 14 मार्च की दोपहर को एडमिंटन शहर के पास लेड्यूक इलाके की घटना है, जहां पर बीरइंदर को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी गई है।
बताया जा रहा है कि, हमलावरों ने कार को घेरकर उसमें सवार बीरइंदर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। मृतक बीरइंदर अपने पढ़ाई पूरी करने के बाद अल्पर्टा प्रांत में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर रहा था। जानकारी मिली है कि, बीरइंदर के साथ कार में उसके बचपन के दोस्त सवार थे जोकि लांग ड्राइव पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, हमलावर सफेद रंग की पिकअप ट्रक में शामिल होकर आए और बीरइंदर की कार को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिस कारण उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि बीरइंदर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और 3 साल से कनाडा में था। परिवार वालों ने बीरइंदर के शव को भारत लाने और आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा देने की मांग की है।