पी.एम. पोषण स्कीम के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले दोपहर के भोजन के लिए नया वीकली मेनू जारी कर दिया गया है, जो आगामी 31 अक्टूबर तक लागू रहेगा। विभाग के कड़े निर्देश हैं कि विद्यार्थियों को कतार में बैठाकर मिड-डे मील इंचार्ज की देखरेख में तय मेनू के अनुसार ही भोजन खिलाना सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी स्कूल में मेनू के अनुसार भोजन नहीं बनता या इन नियमों का उल्लंघन होता है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रमुख (Principal/Headmaster) की होगी। इसके साथ ही, ‘तिथि भोजन’ के तहत गांव के सरपंच, दानी सज्जनों या अन्य गण्यमान्य लोगों के सहयोग से किसी विशेष दिन, त्यौहार या कार्यक्रम पर विद्यार्थियों को दोपहर के भोजन के साथ स्पेशल भोजन, फल या मिठाई उपलब्ध कराने के प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (सैकेंडरी) ने सभी स्कूल प्रमुखों को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
📅 इस प्रकार रहेगा नया Weekly Menu
विभाग द्वारा जारी किए गए नए साप्ताहिक मेनू का विवरण नीचे दिया गया है:
-
सोमवार: माह-चने की दाल और रोटी।
-
मंगलवार: राजमाह-चावल और खीर।
-
बुधवार: काले चने / सफेद चने (आलू मिलाकर) और पूरी या रोटी।
-
गुरुवार: कढ़ी (आलू और प्याज के पकौड़ों सहित) तथा चावल।
-
शुक्रवार: मौसमी सब्जी और रोटी।
-
शनिवार: साबुत माह की दाल, चावल और मौसमी फल।
विशेष तौर पर यह भी तय किया गया है कि पूरे सप्ताह में किसी भी एक दिन विद्यार्थियों को मीठे के रूप में खीर परोसी जाएगी।