जमशेदपुर: जिले में भाजपा और जेएमएम आम जनता के मुद्दे को लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमने-सामने जोरदार प्रदर्शन किया और एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाया. झारखंंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में बिजली, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा की लचर व्यवस्था से जनता परेशान है. स्वास्थ्य विभाग ICU में है.
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने कहा कि देश की जनता मंहगाई से दब रही है. जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष भाजपा कार्यकर्त्ता मिट्टी के घड़े के साथ और जेएमएम कार्यकर्त्ता लकड़ी के साथ प्रदर्शन किया. सत्ता और विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय में पुलिस बल की तैनाती की गई.
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले में बदहाल बिजली व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी अब झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में है. गांव से लेकर शहर तक अनियमित बिजली आपूर्ति, ठप जलापूर्ति योजना और चरमराई चिकित्सा व्यवस्था से जनता परेशानियों का सामना कर रही है. उन्होंने कहा कि बिजली की खराब व्यवस्था के कारण आए दिन अस्पताल में मरीजों की मौत हो रही है. राज्य में स्वास्थ्य विभाग ICU में चला गया है.
वहीं, जमशेदपुर के बागबेड़ा ग्रामीण बृहत जलापूर्ति योजना का जिक्र करते हुए बताया कि 2018 में सप्लाई पानी देना था, लेकिन आज तक योजना धरातल पर नहीं उतारा गया. इससे साफ पता चलता है वर्तमान सरकार जनहित सुविधाओं में विफल है. वहीं बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद बढ़ती हिंसक घटनाओं पर कहा कि पूर्व सरकार के गुर्गे द्वारा घटना को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन शपथ ग्रहण होते ही बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह कठोरता से लागू होगी.
इधर, जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जेएमएम के नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि ये सरकार पूंजीपतियों की सरकार है. आम जनता महंगाई के बोझ तले दबती जा रही है, रसोई गैस की भी कीमत बढ़ती जा रही है. केंद्र सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए.