गुरदासपुर: गुरदासपुर गैस पाइपलाइन लीक होने की बड़ी घटना सामने आई है। शहर में घरेलू रसोई गैस की सप्लाई के लिए गुजरात गैस कंपनी द्वारा बिछाई गई मेन पाइपलाइन मंगलवार को अचानक लीक हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह घटना भगवान परशुराम चौक के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हुई, जहां पाइपलाइन से तेज गति से गैस निकलने लगी। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन और गुजरात गैस कंपनी के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास का इलाका खाली करवाया गया और इलाके को सील कर दिया।
मौके पर मौजूद गुजरात गैस कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पास में बिजली विभाग के कर्मचारी खंभे लगाने के लिए खुदाई कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के दौरान मेन पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण गैस का रिसाव शुरू हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि कंपनी की ओर से तुरंत गैस सप्लाई बंद कर दी गई और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी एहतियातन तैनात किया गया। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल के पास जाने से रोका और आसपास काम कर रहे लोगों को किसी भी प्रकार की आग जलाने या ऐसा कोई कार्य करने से मना किया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन और कंपनी की समय रहते की गई कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच के मुताबिक, बिजली डिपार्टमेंट ने गैस पाइपलाइन के पास खंभे लगाने के लिए एक गड्ढा खोदा था, जिसमें से गैस लीक होती दिखी, जिसे लीक होने का कारण माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और एक्सपर्ट्स ने लीक को बंद करने का काम शुरू कर दिया है।