MP Board Exams 2026: हनुमान जी कराएंगे बोर्ड परीक्षा पास! मंदिर की दानपेटियों में लड्डू और उपवास की ‘मन्नत वाली पर्चियां’
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम से पहले छात्र-छात्राओं के बीच आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है. रिजल्ट की चिंता के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी मंदिरों में पहुंचकर भगवान से अच्छे अंकों और परीक्षा में सफलता की प्रार्थना कर रहे हैं. ऐसे में शहर के कई मंदिरों की दान-पेटियां इन दिनों मन्नत की पर्चियों से भरती जा रही हैं. इन पर्चियों में कोई पास होने की कामना कर रहा है तो कोई अच्छे नंबर आने पर लड्डू चढ़ाने की. कोई परिक्रमा करने की अर्जी लगा रहा तो कोई उपवास रखने का वादा लिख रहा है.
रिजल्ट से पहले बढ़ी मंदिरों में भीड़
एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में आ सकता है. ऐसे में भोपाल के मंदिरों में छात्र-छात्राओं की भीड़ बढ़ गई है. विद्यार्थी दान-पेटियों में पर्चियां डालकर परीक्षा में पास होने और अच्छे अंक आने की मन्नत मांग रहे हैं. राजधानी के न्यू मार्केट स्थित शनि मंदिर, जहांगीराबाद के खटलापुरा मंदिर और 1100 क्वार्टर्स के पास स्थित गणेश मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंच रहे हैं.
दान-पेटियों में बढ़ीं मन्नत की पर्चियां
न्यू मार्केट स्थित शनि मंदिर के पुजारी अरुण बुचके ने बताया, “छात्र-छात्राएं पहले पूजा करते हैं और फिर अपनी मनोकामना लिखकर पर्ची दान-पेटी में डाल देते हैं. रिजल्ट से पहले यह परंपरा हर साल देखने को मिलती है, लेकिन इस बार संख्या पहले से ज्यादा बताई जा रही है. इन दिनों दान-पेटियों में रखी पर्चियों की संख्या काफी बढ़ गई है. इसका मुख्य कारण बोर्ड परीक्षाएं हैं.”
मंदिर में पूजा-अर्चना और दीप जलाने का वादा
उन्होंने आगे बताया, “10वीं और 12वीं के ज्यादातर छात्र-छात्राओं की अर्जी दान-पेटी में मिल रही है. इन पर्चियों में विद्यार्थी परीक्षा में पास होने, अच्छे नंबर आने और भविष्य में अच्छी नौकरी मिलने की कामना लिख रहे हैं. श्रद्धालु केवल पर्ची डालकर ही नहीं जाते, बल्कि मन्नत पूरी होने पर मंदिर में आकर पूजा-अर्चना भी करते हैं. कई लोग चोला चढ़ाते हैं, दीप जलाते हैं और प्रसाद भी चढ़ाते हैं.”
पर्चियों में लिखी अनोखी-अनोखी मन्नतें
मंदिरों में डाली जा रही पर्चियों में विद्यार्थियों की अलग-अलग तरह की मन्नतें देखने को मिल रही हैं. एक छात्रा ने लिखा कि यदि वह परीक्षा में पास हो जाती है तो मंदिर में 100 बार परिक्रमा लगाएगी. एक अन्य छात्रा ने अच्छे अंकों से पास होने पर लड्डुओं का भोग लगाने की बात लिखी है. वहीं एक छात्र ने लिखा कि यदि वह परीक्षा में सफल होता है तो हर मंगलवार उपवास रखेगा और हनुमानजी की विशेष पूजा करेगा. कुछ पर्चियों में विद्यार्थियों ने भगवान से प्रार्थना करते हुए लिखा है कि उन्हें अच्छे अंक मिलें ताकि वे अपने माता-पिता का नाम रोशन कर सकें.
दूसरे सप्ताह में रिजल्ट आने की संभावना
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है. इसके परिणाम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में जारी करने की तैयारी चल रही है. इस वर्ष प्रदेश भर में करीब 16 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं दी हैं. करीब 90 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है. इसके लिए प्रदेश भर में बनाए गए केंद्रों पर लगभग 18 हजार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है.
7 मई से होगी द्वितीय परीक्षा
बोर्ड का प्रयास है कि परिणाम जल्द घोषित किए जाएं ताकि जो विद्यार्थी अनुत्तीर्ण, पूरक या श्रेणी सुधार की परीक्षा देना चाहते हैं तो उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके. मंडल के अनुसार, द्वितीय परीक्षा 7 मई से शुरू होगी. ऐसे में यदि परिणाम 14 से 15 अप्रैल के बीच घोषित होते हैं तो विद्यार्थियों को करीब 20 दिन का समय मिल सकेगा.