Jharkhand Ramnavami Celebration: हजारीबाग की सड़कों पर उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, रामनवमी जुलूस की धूम
हजारीबाग: जब पूरे देश भर की रामनवमी समाप्त हो जाता है तो हजारीबाग में पर्व का आगाज होता है. 28 मार्च शनिवार रात के 8:00 बजे से हजारीबाग में रामनवमी जुलूस निकलना शुरू हुआ, जो अब तक लगातार जारी है. अनुमान लगाया जा रहा है कि आज रात के 12:00 से 1:00 बजे के बीच जुलूस समाप्त होगा.
108 अखाड़ा की ओर से निकाला जाएगा जुलूस
इस बार हजारीबाग में कुल 108 अखाड़ों की ओर से रामनवमी का जुलूस निकाला जा रहा है. जुलूस में राम भक्त नाचते-गाते मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्मोत्सव मना रहे हैं. हजारीबाग की रामनवमी ऐतिहासिक है. इसका लगभग 110 साल पुराना इतिहास है.
रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट
वहीं हजारीबाग में रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासनिक टीम शहर में सक्रिय है. अलग-अलग मंच में अलग-अलग पदाधिकारी कमान संभाले हुए हैं. मुख्य मंच जामा मस्जिद रोड के सामने बनाया गया है, जहां उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन समेत कई वरीय पदाधिकारी कैंप कर रहे हैं और राम भक्तों से उत्साह और संयमित रहकर पर्व मनाने की अपील की जा रही है.
इस संबंध में हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि इस बार रामनवमी को लेकर राम भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. शांतिपूर्ण ढंग से लोग जुलूस में हिस्सा ले रहे हैं .अब तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है. जो तैयारी की गई थी उस अनुसार व्यवस्था चल रही है. शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है. काफी अधिक गर्मी होने के बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं देखने को मिल रही है. कुल 107 अखाड़ा की ओर से जुलूस निकाला जा रहा है. रविवार को दोपहर 1:00 बजे तक जामा मस्जिद रोड से 15 जुलूस गुजरे हैं और 90 जुलूस अभी भी मार्ग में हैं.
वहीं हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि रामनवमी को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. गांव से लेकर शहर तक लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है. प्रशासन ने जो तैयारी की थी उसी का परिणाम है कि इतनी भीड़ होने के बावजूद भी किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है. उन्होंने लोगों से कानून को अपने हाथों में नहीं लेने और सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी पर्व मनाने की अपील की है.