पंजाब के आढ़तियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा! इस दिन से शुरू होगा बड़ा आंदोलन, संघर्ष का बजा बिगुल
अमृतसर: पंजाब की अनाज मंडियों में काम कर रहे आढ़तियों ने अपनी लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का बिगुल बजा दिया है। आढ़ती एसोसिएशन पंजाब की अगुवाई में 16 मार्च को तरनतारन के हरिके क्षेत्र में राज्य भर के आढ़तियों का एक विशाल सम्मेलन करने का फैसला किया गया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
एसोसिएशन के जिला प्रधान अमनदीप सिंह छीना ने बताया कि आढ़तियों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस रिन्यू करने की नीति में कई खामियां हैं, जिसके कारण आढ़तियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा फसल सीजन के दौरान ट्रांसपोर्टेशन के नाम पर हो रही लूट-खसोट से आढ़ती वर्ग का आर्थिक शोषण हो रहा है।
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि सीजन के दौरान न तो प्रशासनिक अधिकारी और न ही कोई राजनीतिक नेता उनकी समस्याओं की सुध लेता है। इसलिए तरनतारन आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कुलबीर सिंह की अगुवाई में 16 मार्च को हरिके में बड़ा एकत्र कर अगली रणनीति तैयार की जाएगी। अमृतसर से भी सैकड़ों आढ़ती इस बैठक में शामिल होंगे।