Fire in Balodabazar Tehsil Office: बलौदाबाजार तहसील दफ्तर में भीषण आग, समय रहते सुरक्षित बचाए गए सभी महत्वपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड
बलौदाबाजार भाटापारा : बलौदाबाजार तहसील के पुरानी इमारत में भीषण आग लग गई.आग की सूचना जैसे ही प्रशासनिक अमले को लगी उन्होंने तुरंत आग पर काबू पाने के लिए निर्देश दिए. घटना इमारत के उस हिस्से में हुई जो डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग के आसपास है. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा. सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले अंदर रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को सुरक्षित निकालने का काम शुरु हुआ.
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही शासकीय दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. इसके साथ ही आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों, विशेष रूप से सीमेंट संयंत्रों से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई गईं. एक के बाद एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई. आग की लपटें तेज होने के कारण शुरुआती कुछ समय तक स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही. दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की. करीब लंबे प्रयास के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया. इस दौरान पूरे परिसर को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी ताकि कोई भी व्यक्ति खतरे वाले इलाके के पास न पहुंच सके.
जरुरी दस्तावेजों को बचाया गया
तहसील कार्यालय किसी भी जिले की प्रशासनिक व्यवस्था का अहम केंद्र होता है, जहां जमीन से जुड़े रिकॉर्ड, राजस्व दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें सुरक्षित रखी जाती हैं. आग लगने की खबर मिलते ही कर्मचारियों ने सबसे पहले रिकॉर्ड रूम की ओर दौड़ लगाई.अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल फाइलों और दस्तावेजों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया. कई कर्मचारी और स्थानीय लोग भी दस्तावेज सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद करते नजर आए. इस त्वरित कार्रवाई की वजह से बड़ी संख्या में दस्तावेज समय रहते सुरक्षित निकाल लिए गए, जिससे संभावित बड़ा नुकसान टल गया.
ऐतिहासिक इमारत को हुआ नुकसान
तहसील कार्यालय की यह इमारत शहर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक इमारतों में गिनी जाती ह. वर्षों से यही भवन राजस्व प्रशासन का केंद्र रहा है.आग लगने की घटना ने इस ऐतिहासिक भवन को नुकसान पहुंचाया है. हालांकि नुकसान का पूरा आंकलन अभी नहीं किया जा सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर कार्यालय के कुछ हिस्सों और फर्नीचर के प्रभावित होने की बात सामने आई है.
रिकॉर्ड रूम सुरक्षित, दस्तावेज बचाए गए
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि सबसे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है.समय रहते दस्तावेजों को सुरक्षित निकाल लेने से बड़ा नुकसान टल गया.प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सभी जरूरी फाइलें और रिकॉर्ड सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए गए हैं. इससे राजस्व से जुड़े कामकाज पर किसी प्रकार का बड़ा असर नहीं पड़ेगा.इस बात से कर्मचारियों और आम लोगों ने भी राहत की सांस ली, क्योंकि यदि रिकॉर्ड रूम को नुकसान होता तो कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज नष्ट हो सकते थे.
जांच के बाद सामने आएंगे कारण
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस वजह से लगी और इससे कितना नुकसान हुआ.