Ranchi News: ईरान पर हमले के विरोध में रांची की सड़कों पर उतरे वाम दल, केंद्र सरकार से की हस्तक्षेप की मांग
रांची: ईरान पर अमेरिका और इजरायली हमले को तत्काल रोकने,भारत की नरेंद्र मोदी सरकार से साम्राज्यवादियों का साथ छोड़ने की मांग को लेकर रविवार को रांची में विभिन्न जनवादी संगठनों, सीपीआई माले सहित अन्य वाम संगठनों ने प्रदर्शन किया. परमवीर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक पर वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां-बैनर और अपने अपने संगठनों के झंडे के साथ प्रदर्शन किया.प्रदर्शन में शामिल दलों और संगठनों के नेता अमेरिका,इजरायल के साथ-साथ केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगा रहे थे.
“अमेरिकी-इजरायली तानाशाही से दुनिया में तबाही का खतरा”
प्रदर्शन में शामिल वाम दलों के नेताओं ने कहा कि उनकी रांची और राज्य की जनता से अपील है कि वह जहां भी हैं,वहीं से अमरीकी-इजरायली तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें. वक्ताओं ने कहा कि फिलिस्तीन में बच्चों समेत बड़ी संख्या में निरीह लोगों को मारकर इजरायल फिलिस्तीन का नामों निशान मिटाना चाहता है. इजरायल फिलिस्तीन को अपने कब्जे में लेने की कोशिश करता रहा है,अब ईरान पर बेबुनियाद आरोप लगाकर युद्ध छेड़ दिया है. अमेरिका-इजरायल की मंशा केवल अपनी फासीवादी साम्राज्यवाद को बढ़ाना है.