Sand Mafia Attack: बालू का अवैध परिवहन रोकने पहुंची टीम पर हमला, CO के साथ मारपीट के बाद मचा बवाल; पुलिस छावनी में बदला इलाका
लोहरदगा : जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में बालू माफियाओं ने अंचल अधिकारी पर हमला कर दिया. इस हमले में अंचलाधिकारी की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामला लोहरदगा जिला के सेन्हा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. सीओ ने घटना को लेकर सेन्हा थाना में तीन नामजद और दस अज्ञात महिला-पुरुष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है.
प्राथमिकी के अनुसार, सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी-सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास सीओ पंकज कुमार भगत पर हमला हुआ. सीओ ने थाना में आवेदन देकर कहा है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध डंपिंग यार्ड से अवैध बालू का उठाव हो रहा है. जब वह वहां पहुंचे तो सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां और छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित 10 अज्ञात महिला-पुरुष ने उनपर हमला कर दिया. साथ ही उनके द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू को अनलोड कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए.
सीओ ने कहा है कि लाठी-डंडा, बेलचा से उनके साथ मारपीट भी की गई. उन लोगों ने ईंट से उनके वाहन के शीशे पर हमला किया. जिससे वाहन का शीशा टूट गया. इसके बाद भी उन लोगों ने उन्हें रोक कर उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की. साथ ही झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी. जिसके बाद सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची तो सभी भाग गए.
सीओ पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 में सरकारी कार्य में बाधा, धमकी, हमला करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू का कहना है कि सीओ के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.